गोपालगंज। शहर के साधु चौक के समीप सरेया वार्ड संख्या छह में एक घर में देह व्यापार चलाए जाने की सूचना पर शनिवार देर रात नगर थाना पुलिस ने छापेमारी कर तीन महिलाओं सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से कंडोम समेत कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि साधु चौक के पास सरेया वार्ड संख्या छह में उमरातन खातून अपने घर में देह व्यापार का धंधा चला रही है। सूचना के आधार पर नगर थाना की महिला पदाधिकारी नीतू कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर की मालकिन उमरातन खातून के साथ उसके पुत्र नूर मोहम्मद और दिल मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कमरे की तलाशी के दौरान सिधवलिया थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी बिगन खातून, सरेया वार्ड संख्या दो निवासी रौशन तारा खातून, मांझागढ़ थाना क्षेत्र के छवही गांव निवासी भरत चौरसिया, शेख परसा गांव निवासी शंकर कुमार तथा नगर थाना क्षेत्र के कैथवलिया वार्ड संख्या सात निवासी राधेश्याम यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि उमरातन खातून अपने दोनों पुत्रों के साथ मिलकर महिलाओं और युवतियों को बुलाकर देह व्यापार का धंधा कराती थी। छापेमारी के दौरान कमरे से दो कंडोम और एक बाइक भी बरामद की गई।
नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि घर की मालकिन उमरातन खातून पहले भी दो बार देह व्यापार के मामले में जेल जा चुकी है। इस मामले को लेकर मोहल्ले के लोगों में भी काफी आक्रोश था।

