मांझागढ़ (गोपालगंज)। अंचल कार्यालय मांझागढ़ में शनिवार को अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए पांच मामलों का निष्पादन किया गया, जबकि दो मामलों में सुनवाई कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
अंचलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जमीन से जुड़े विवादों को आपसी समझ और प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से निपटाने पर जोर दिया गया।
अंचल कर्मी श्यामदेव मांझी ने बताया कि मार्च माह की बैठक में भूमि विवाद से संबंधित कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि पूर्व माह से पांच मामले लंबित थे। इस प्रकार कुल 20 मामलों में से अब तक 15 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है और शेष पांच मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले माह चार बार जनता दरबार का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में इस माह भी चार बार जनता दरबार आयोजित किए जाने की योजना है, ताकि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान किया जा सके।
जनता दरबार में अंचल कार्यालय सहायक, अंचल निरीक्षक, अंचल नाजिर, अन्य अंचल कर्मी, चालक तथा संबंधित वादी उपस्थित रहे।

