मांझागढ़ (गोपालगंज)। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांझागढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 42 पुड़िया स्मैक बरामद की है। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक बिनय तिवारी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मांझागढ़ थाना प्रभारी निरंजन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में दो लोग स्मैक की बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम के साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान फुलवरिया गांव निवासी रामुजिन मंसूरी के पुत्र तामसिन मंसूरी और कन्हैया राम के पुत्र धनूराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से 42 पुड़िया मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

