तरकुलवा: हरैया-सरैनी मार्ग पर ड्रेन के ऊपर बन रहे पुल के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विरोध जताया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने निर्माण में मानक की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार इस मार्ग पर करीब 50 वर्ष पहले बनी पुलिया काफी जर्जर हो चुकी थी। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल से लोक निर्माण विभाग ने लगभग 38 लाख रुपये की लागत से नए पुल के निर्माण को स्वीकृति दी थी। फिलहाल पुल का निर्माण कार्य जारी है।
सोमवार को हरैया टोला खरहरिया के दयानंद यादव, हरेराम यादव, सतीश यादव, महंथ यादव, तेजप्रताप यादव, बैरिस्टर यादव, महेश यादव, बबलू प्रजापति और सोनलाल प्रजापति सहित कई ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोक दिया। उनका आरोप था कि पुल निर्माण में कम मोटाई की सरिया, डस्ट युक्त गिट्टी और निम्न गुणवत्ता के सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जेई को फोन कर शिकायत की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अवर अभियंता राम लखन ने निर्माण कार्य की जांच की और ठेकेदार को सरिया की संख्या बढ़ाने तथा मानक के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए।
अवर अभियंता राम लखन ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कर ठेकेदार को गुणवत्ता के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और निर्माण कार्य पुनः शुरू हो गया।

