गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव के समीप पुलिस ने वाहन जांच के दौरान शराब तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब लदी तीन बाइकों को जब्त कर लिया और एक आरोपित युवक को गिरफ्तार किया। हालांकि दो अन्य बाइक सवार आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी से शराब की खेप बाइक के जरिए लादकर तस्कर दियारा क्षेत्र की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने भगवानपुर गांव के पास वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान एक बाइक पर सवार विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बतवन सागर गांव निवासी राजकिशोर चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दो अन्य बाइक सवार पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से तीनों बाइकों को जब्त करते हुए कुल 248 लीटर शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

