सलेमपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के भटनी–औड़ियार रेल खंड पर पिवकोल से लार रोड स्टेशन के बीच चल रहा दोहरीकरण कार्य इसी मार्च महीने में पूरा होने की उम्मीद है। भटनी से पिवकोल रेलवे स्टेशन तक लगभग 5.25 किलोमीटर तक दोहरीकरण का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है। इस कार्य के पूरा होने के बाद गोरखपुर से वाराणसी रेल मार्ग पर केवल तुर्तीपार पुल का निर्माण कार्य ही शेष रह जाएगा। माना जा रहा है कि अप्रैल से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही और भी आसान हो जाएगी।
गोरखपुर से वाराणसी के बीच लंबे समय से सिंगल रेल लाइन होने के कारण ट्रेनों की औसत गति बढ़ाने और नई ट्रेनें चलाने में परेशानी हो रही थी। यह रेल मार्ग प्रयागराज के रास्ते मध्य भारत को पूर्वांचल से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी को देखते हुए भटनी जंक्शन से औड़ियार जंक्शन तक लगभग 117 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी गई थी। इस परियोजना की कुल लागत 2529.46 करोड़ रुपये है। वर्ष 2024-25 के बजट में इसके लिए 413.33 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया था।
दोहरीकरण का कार्य पूरा होने से इस मार्ग पर ट्रेनों का दबाव कम होगा, ट्रेनों की देरी घटेगी और भविष्य में यात्रियों की मांग के अनुसार नई ट्रेनों का संचालन भी संभव हो सकेगा। इससे क्षेत्र के व्यापार और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
वहीं सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर इस समय केवल प्लेटफार्म नंबर एक से ट्रेनों का संचालन हो रहा है। दोहरीकरण के तहत बिजली के पोल, तार, सिग्नल और लाइन क्रॉसिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। उत्तरी रेल क्रॉसिंग को बंद कर आगे नए रेलवे क्रॉसिंग के लिए सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही प्लेटफार्म नंबर एक को लगभग 150 मीटर तक लंबा किया जा रहा है।

