देवरिया। महुआनी–सोनू घाट मार्ग पर घटैला गाजी स्थित सेमरहवा बाबा स्थान के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें बरात से लौट रहे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड नंबर 5, टोला जेठहंसी निवासी 28 वर्षीय अतुल कुमार उर्फ प्रिंस पांडेय, पुत्र स्वर्गीय मार्कंडेय पांडेय तथा सठियांव थाना खुखुंदू क्षेत्र के रहने वाले 19 वर्षीय आकाश पाल, पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बैकुंठपुर में एक बरात में शामिल होकर देर रात अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान सेमरहवा बाबा स्थान के पास उनकी क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने मदद करने की कोशिश की, लेकिन समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

