देवरिया। लार थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव में विवाद के दौरान गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला का गला दबाया और उसके पेट, हाथ व मुंह पर हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौमुखा गांव निवासी दिलीप प्रजापति पुत्र स्वर्गीय सुदई प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होली के दिन कुछ लोग शराब के नशे में उसके बेटे पियूष प्रजापति को गाली-गलौज करने लगे थे। आरोप है कि घटना के तीन दिन बाद वही लोग फिर उसके बेटे को मारने-पीटने लगे। जान बचाने के लिए उसका बेटा घर के अंदर चला गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने हथौड़े से घर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और घर में घुसकर उसकी गर्भवती बेटी मनीषा का गला दबाया तथा पेट, हाथ और मुंह पर प्रहार किया। घटना में गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज चल रहा है।
इस दौरान आरोपितों ने पीड़ित की पत्नी के साथ भी मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक लार राकेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

