गोपालगंज। शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित कैथवलिया वार्ड संख्या सात की रहने वाली एक युवती सहित 15 लोगों से बिजली विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित युवती ने नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार कैथवलिया वार्ड संख्या सात निवासी स्नेहा श्री गौतम की सहेली प्रियंका राय अक्सर उनके घर आती-जाती थी। इसी दौरान प्रियंका राय के पति करण सिंह ने खुद को बिजली विभाग का एसडीओ बताते हुए स्नेहा श्री गौतम को नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
आरोप है कि करण सिंह ने बिजली विभाग में 25 पद खाली होने की बात कहकर स्नेहा श्री गौतम सहित अन्य लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उसने स्नेहा श्री गौतम के माध्यम से कुल 15 लोगों से पैसे जमा कराए और करीब 30 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
राशि लेने के बाद जब पीड़ितों ने नौकरी के संबंध में जानकारी लेनी चाही तो आरोपित ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

