गोपालगंज के जादोपुर थाना क्षेत्र में नकली जेवर देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। मशानथाना गांव में उचक्कों ने एक महिला को झांसे में लेकर नकली सोने का आभूषण थमा दिया और उसके बदले चांदी की पायल तथा दस हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित महिला का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जाता है कि मशानथाना गांव की रहने वाली उमा देवी गुरुवार को अपने घर में बैठी थीं। तभी एक अज्ञात महिला वहां पहुंची और बातचीत करने लगी। उसने बताया कि ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाता है और वह मायके जा रही है। इसी दौरान उसने अपने पास रखा कथित सोने का जेवर दिखाते हुए उसे सुरक्षित रखने की बात कही।
महिला की बातों में आकर उमा देवी ने लालच में वह जेवर अपने पास रख लिया और बदले में अपने पैरों में पहनी चांदी की पायल के साथ दस हजार रुपये नकद उसे दे दिए। जेवर और नकदी लेने के बाद अज्ञात महिला वहां से फरार हो गई।
करीब एक घंटे बाद उमा देवी अपनी गोतनी के साथ जादोपुर बाजार स्थित एक आभूषण दुकान पर पहुंचीं और जेवर की जांच कराई। जांच में पता चला कि दिया गया आभूषण नकली है। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

