गोपालगंज के महम्मदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
मृतक की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी 38 वर्षीय छोटेलाल राम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि छोटेलाल राम अपनी पत्नी रीना देवी के साथ सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया इनामीटोला गांव स्थित ससुराल आए थे। वहां से लौटते समय वे अपने साले राजेश राम के आठ वर्षीय पुत्र बंटी कुमार को साथ लेकर बाइक से घर जा रहे थे।
इसी दौरान सिधवलिया-बलडीहा मार्ग पर जोधन मोड़ के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छोटेलाल राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया।
उधर, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जब शव को कब्जे में लेने लगी तो आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर विरोध करने लगे और सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आवागमन बहाल कराया गया।

