गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र में बाल विवाह की सूचना मिलने पर महिला हेल्पलाइन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नाबालिग किशोरी की शादी रुकवा दी। टीम ने 17 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। साथ ही किशोरी के माता-पिता और दूल्हा बनकर आए युवक को हिरासत में लेकर अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जानकारी के अनुसार महिला हेल्पलाइन की केंद्र प्रभारी नाजिया मुमताज को सूचना मिली थी कि थावे मंदिर परिसर के पास स्थित अंबिका गेस्ट हाउस में नाबालिग किशोरी का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही महिला हेल्पलाइन की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और गेस्ट हाउस में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान वहां शादी की तैयारी चल रही थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाल विवाह को रुकवा दिया और किशोरी को अपने संरक्षण में ले लिया। साथ ही उसके माता-पिता और शादी करने आए युवक को हिरासत में लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।
महिला हेल्पलाइन की प्रभारी नाजिया मुमताज ने बताया कि किशोरी अभी नाबालिग है, इसलिए उसका विवाह नहीं कराया जा सकता। जब तक वह बालिग नहीं हो जाती, तब तक शादी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही उसकी पढ़ाई जारी रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और समय-समय पर उससे संपर्क रखा जाएगा।
बताया जाता है कि किशोरी के माता-पिता विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सिपाया गांव के रहने वाले हैं, जबकि शादी करने आया युवक सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के इमलौली गांव निवासी दूधनाथ शर्मा का पुत्र राकेश कुमार है।
इस संबंध में सदर एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि जिस गेस्ट हाउस में शादी की तैयारी चल रही थी, उसे सील करने का निर्देश दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और गेस्ट हाउस संचालक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

