गोपालगंज में गुरुवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आईसीडीएस की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय लक्ष्य के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 80 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के अंतर्गत 75 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अनाथ बच्चों के लिए संचालित परवरिश योजना में पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण कार्य की भी समीक्षा की और अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप निरीक्षण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सख्त हिदायत दी कि यदि किसी स्तर पर कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ चयन मुक्ति सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त रंजना कुमारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, सभी परियोजनाओं के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक पोषण अभियान, महिला विकास निगम के डीपीएम तथा वन स्टॉप सेंटर की प्रतिनिधि नाजिया मुमताज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

