गोपालगंज में गुरुवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में ईख विकास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में सुबह 10:30 बजे हुई, जिसमें गन्ना विकास से जुड़े अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन ने भाग लिया।
बैठक में सहायक निदेशक ईख विकास गोपालगंज, ईख पदाधिकारी गोपालगंज के साथ भारत शुगर मिल सिधवलिया और विष्णु शुगर मिल गोपालगंज के महाप्रबंधक संजीव शर्मा एवं गिरिजेश सिंह मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान विष्णु शुगर मिल द्वारा वित्तीय उपलब्धि कम रहने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की और प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े सभी कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
जिला पदाधिकारी ने आधार बीज उत्पादन कार्यक्रम, प्रमाणित बीज वितरण, बड चिप प्रदर्शन तथा गन्ना यंत्रीकरण योजना में जल्द प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अधिकारियों को किसानों के हित में सक्रिय रूप से कार्य करने और किसानों के बीच उपलब्ध रहने की भी हिदायत दी गई।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

