देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती की मांग में चाकू की नोंक पर जबरन सिंदूर भरने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में माहौल गर्म हो गया है। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, युवती अपने ननिहाल में रहती थी और गांव के युवक अविनाश उर्फ टुनटुन से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों के संबंध को लेकर दोनों पक्षों में नाराजगी थी और इसको लेकर अक्सर विवाद भी होता रहता था।
आरोप है कि आठ मार्च की रात आरोपी युवक ने चाकू दिखाकर युवती को धमकाया और जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और दो दिनों तक पंचायत भी चली, लेकिन युवती पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं हुआ।
इस मामले में युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गौरीबाजार थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी युवक अभी फरार है, लेकिन उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
