देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से दो गोवंशीय पशुओं को भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में बनकटा थाना पुलिस ने 12 मार्च की रात यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंशीय पशुओं को बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुंदरपार महुअवा गांव के पास वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान पिकअप वाहन संख्या BR11GB8517 से दो गोवंशीय पशु बरामद हुए।
मौके से बिहार के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के कोल्हुआ दरगाह निवासी सफरोज पुत्र हातिम अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोहत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पिकअप वाहन को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आलोक रंजन सिंह, कांस्टेबल अवनीश पांडेय और कांस्टेबल अंशु पाल शामिल रहे।

