गोपालगंज। जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा और कारतूस के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक चतुर बगहा गांव के पास देसी कट्टा और कारतूस के साथ इकट्ठा होकर किसी अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर वहां मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान चतुर बगहा गांव निवासी सिकेंद्र ठाकुर के पुत्र अभिषेक कुमार और छबिला यादव के पुत्र मंटू यादव के रूप में की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बताया कि वे गांव के ही सिपाही यादव के पुत्र पिंटू कुमार के साथ मिलकर हथियार खरीदकर किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पिंटू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों ने पहले भी हथियार लहराया था, जिसका वीडियो पुलिस को मिला था। उसी के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। फिलहाल पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की भी पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

