गोपालगंज। जिले में रसोई गैस की संभावित किल्लत की चर्चा के बीच उपभोक्ताओं की बेचैनी बढ़ गई है। शुक्रवार को शहर के विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपने खाली सिलेंडर के साथ पहुंच गए। गैस सिलेंडर उठाव से पहले बुकिंग की जानकारी लेने के लिए एजेंसी कार्यालयों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं।
सुबह से ही उपभोक्ता एजेंसियों के बाहर खड़े होकर गैस मिलने का इंतजार करते नजर आए। कई लोगों का कहना है कि फोन के माध्यम से गैस बुकिंग कराने में काफी परेशानी हो रही है। बार-बार कॉल करने के बावजूद नंबर नहीं लग पा रहा है, जिसके कारण उन्हें मजबूरन एजेंसी कार्यालय या गोदाम तक जाना पड़ रहा है।
कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस की कमी की चर्चा के बाद वे पहले से ही सिलेंडर भरवाकर रखना चाहते हैं, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो। शहर की अलग-अलग गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। कई लोग पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए लाइन में खड़े रहे, जबकि कुछ लोग सिलेंडर उठाव के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भीड़ के कारण एजेंसी कर्मियों को भी उपभोक्ताओं को संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इधर, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं। अधिकारियों का कहना है कि जिले में रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और नियमित प्रक्रिया के तहत बुकिंग कराने की अपील की है।

