गोपालगंज। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें डीएम के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में डीएम पवन कुमार सिन्हा ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निपटारा करना है।
जनता दरबार में कुचायकोट प्रखंड के पुरखास गांव निवासी शंभू साह ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया। वहीं विजयीपुर प्रखंड के सरैया गांव निवासी प्रवीण शर्मा तथा थावे प्रखंड के संजय सिंह ने भी भूमि विवाद से जुड़ी अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा, भूमि अतिक्रमण, राजस्व से संबंधित समस्याएं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार, सामान्य शाखा प्रभारी अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

