देवरिया। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में आयोजित समाधान दिवस में बेहतर जनसुनवाई और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी थानों पर डेस्क सिस्टम लागू किया गया। इस दौरान हल्का प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की डेस्क लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
समाधान दिवस के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने कई मामलों में मौके पर पहुंचकर जांच की और समस्याओं का निस्तारण कराया। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो संबंधित मामलों की जांच कर जल्द कार्रवाई करेंगी।
इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

