बरहज (देवरिया)। नगर क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। एक ओर प्रशासन गैस की पर्याप्त उपलब्धता होने का दावा कर रहा है और कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी कार्यालयों और गोदामों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले करीब एक पखवारे से गैस सिलेंडर को लेकर परेशानी बढ़ गई है। गैस गोदामों और एजेंसी कार्यालयों के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ लग रही है। कई लोग खाली सिलेंडर लेकर घंटों लाइन में खड़े रह रहे हैं।
लोगों का कहना है कि होम डिलीवरी बंद होने से महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं केवाईसी और मोबाइल नंबर से कनेक्शन जोड़ने के नाम पर भी उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कुछ उपभोक्ताओं का आरोप है कि अधिक पैसे देने पर नियमों को दरकिनार कर गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाता है, जिससे कालाबाजारी भी बढ़ गई है। वहीं ऑनलाइन बुकिंग कराने पर भी कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय उपभोक्ता मंगरी देवी, लालमुनि, राजेश और महेश का कहना है कि पहले ऐसी व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब गैस की किल्लत की बात सामने आने के बाद तरह-तरह की औपचारिकताएं बढ़ा दी गई हैं। कई कंपनियों के गोदाम और कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
बुजुर्गों और महिलाओं का कहना है कि उम्र और शारीरिक कमजोरी के कारण भारी गैस सिलेंडर लेकर दूर-दूर तक जाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

