देवरिया। कपरवार-रुद्रपुर मार्ग पर तेज रफ्तार सफारी की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार सुरौली थाना क्षेत्र के भेड़ा पाकड़ गांव निवासी बादल मिश्र अपने साथी 24 वर्षीय सौरभ यादव के साथ मऊ के सलामुद्दीन इंटर कॉलेज में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कपरवार गांव के उत्तर दिशा में फौजी नगर के पास तेज रफ्तार सफारी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सफारी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सौरभ यादव उछलकर ट्रॉली में जा गिरा, जबकि बादल मिश्र बाइक के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं साइकिल से जा रहा 15 वर्षीय राकेश प्रजापति भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की चपेट में आकर घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बरहज सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बादल मिश्र को महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा ट्रैक्टर पर सवार लवकनी ईश्वर गांव निवासी 40 वर्षीय नवनीत यादव और खोड़ा गांव के 45 वर्षीय अनवर अली भी घायल हो गए। तीन घायलों को उपचार के लिए महेन पीएचसी भेजा गया, जहां से राकेश प्रजापति और अनवर अली की हालत गंभीर होने पर उन्हें भी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना के बाद सफारी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

