देवरिया। गोपालपुर अहिरौली गांव में शादी समारोह में गए एक परिवार के बंद घर को चोरों ने निशाना बना लिया। घर के पीछे लगे जंगले को काटकर अंदर घुसे चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी धनवा देवी, पत्नी स्वर्गीय इंद्रासन का परिवार शुक्रवार की शाम मझौली राज के वार्ड नंबर आठ शंकर नगर में अपने नाती कुंदन की शादी में शामिल होने गया था। इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर पीछे के जंगले को काटकर अंदर घुस गए और घर में रखे बक्सों को तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया।
देर रात करीब 11 बजे जब परिवार के सदस्य वापस घर लौटे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और बक्से खुले हुए थे। यह देख परिवार के लोग हैरान रह गए। पीड़िता धनवा देवी ने बताया कि हाल ही में 24 फरवरी को उनके छोटे बेटे उपेंद्र की शादी हुई थी।
नई बहू के कमरे में रखे चांदी के पायल और सोने के चार आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, मांगटीका और नथिया समेत अन्य गहने चोर उठा ले गए। इसके अलावा दूसरे बेटे राजेश सिंह की पत्नी का मंगलसूत्र, कान का झुमका और एक अंगूठी भी चोरी हो गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

