देवरिया। रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत अब घरेलू विवाद का कारण बनने लगी है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के करौदी गांव में गैस सिलेंडर खत्म होने की बात कहने पर नाराज पति ने पत्नी की पिटाई कर दी। घायल महिला ने पति समेत अन्य पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़ित गीता देवी ने बताया कि उनके पति अक्सर घर में विवाद करते रहते हैं और अपने भाई व भाभी के साथ रहते हैं। शुक्रवार की सुबह जब वह खाना बनाने के लिए रसोई में पहुंचीं तो गैस सिलेंडर खत्म हो चुका था। उन्होंने पति से नया गैस सिलेंडर लाने के लिए कहा, जिस पर वह नाराज हो गए।
आरोप है कि पति ने अपशब्द कहते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर सास और जेठानी भी मौके पर पहुंच गईं, लेकिन बीच-बचाव करने के बजाय उन्होंने भी मारपीट में साथ दिया।
मारपीट में घायल महिला ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। खुखुंदू थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

