spot_img
Sunday, March 29, 2026
spot_img
Homeगोपालगंजगोपालगंज: डिलीवरी के बाद महिला की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप;...

गोपालगंज: डिलीवरी के बाद महिला की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप; अस्पताल के बाहर परिजनों का हंगामा

-

गोपालगंज। जिले में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामला थावे थाना क्षेत्र के चौराव गांव की रहने वाली आफिया परवीन की मौत से जुड़ा है। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने बंजारी स्थित सुमन हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार आफिया परवीन पिछले करीब नौ महीनों से इसी अस्पताल में इलाज करा रही थीं। गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और दवाइयां भी यहीं से चल रही थीं। परिवार का कहना है कि 11 मार्च को डिलीवरी के लिए ऑपरेशन की तारीख तय की गई थी। मृतका के भाई फैज राजा ने बताया कि सभी रिपोर्ट सामान्य बताई गई थीं और डॉक्टरों ने किसी तरह की जटिलता की बात नहीं कही थी।

बताया जाता है कि 11 मार्च की शाम करीब 5:32 बजे महिला का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और लगातार ब्लीडिंग होने लगी। परिजनों का आरोप है कि मरीज को पेशाब नहीं हो रहा था और दर्द भी लगातार बढ़ रहा था, लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया गया।

परिवार का आरोप है कि रात करीब ढाई बजे अस्पताल की ओर से अचानक ब्लड की जरूरत बताई गई। इसी बीच बिना परिजनों की अनुमति के महिला का दोबारा ऑपरेशन कर दिया गया। दूसरे ऑपरेशन के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ और ब्लीडिंग जारी रही। इसके बाद परिजनों ने मरीज को बड़े अस्पताल में रेफर करने की मांग की।

मृतका के भाई का आरोप है कि रेफर करने की बात कहने पर डॉक्टर ने अभद्र व्यवहार किया और उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया। किसी तरह परिजन महिला को लेकर गोरखपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत बेहद गंभीर बताई। इलाज के दौरान शुक्रवार शाम करीब तीन बजे आफिया परवीन की मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर गोपालगंज पहुंचे और सुमन हॉस्पिटल के सामने रखकर प्रदर्शन किया। लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।

बताया जा रहा है कि आफिया परवीन का मायका थावे थाना क्षेत्र के चौराव गांव में है, जबकि उनकी शादी बरौली थाना क्षेत्र के बखरौल बाजार में हुई थी। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है

Related articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts