गोपालगंज। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचिया गांव के समीप 12 मार्च को हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बुचिया गांव निवासी पुनदेव ठाकुर के पुत्र राजकिशोर ठाकुर 12 मार्च को अपने घर से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया था। घर पर चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उनका इलाज चल रहा था।
इसी बीच शनिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

