सलेमपुर नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर नाले के निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बापू इंटर कॉलेज के मैदान के सामने हाल ही में बने मजबूत नाले को तोड़कर दोबारा नया नाला बनाए जाने के विरोध में नगर के व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष और पूर्व चेयरमैन सुधाकर गुप्त के नेतृत्व में किया गया।
व्यापारियों का कहना है कि कुछ समय पहले ही इस मुख्य नाले का निर्माण कराया गया था और वह पूरी तरह मजबूत स्थिति में है। इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा उसे तोड़कर फिर से नाला बनाया जा रहा है, जो आम जनता के पैसे का दुरुपयोग है।
सुधाकर गुप्त ने आरोप लगाया कि बिना लोक निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए ही यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर में कई स्थान ऐसे हैं जहां नाले की सख्त जरूरत है, लेकिन वहां निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
व्यापारियों का यह भी कहना है कि नई नाली को उनकी दुकानों के काफी करीब बनाया जा रहा है, जबकि पहले वाली नाली मुख्य मार्ग से करीब 70 फीट पहले बनी हुई थी। दुकानदारों के अनुसार यदि नाला दुकान के ज्यादा पास बनाया गया तो इससे उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ेगा।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि नाले का निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो वे उपजिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे और सरकारी धन के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाएंगे।

