spot_img
Sunday, March 29, 2026
spot_img
Homeगोपालगंजगोपालगंज: बनकटिया पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, नशा उन्मूलन और बाल विवाह...

गोपालगंज: बनकटिया पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, नशा उन्मूलन और बाल विवाह पर दी गई जानकारी

-

गोपालगंज जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को पंचदेवरी प्रखंड के बनकटिया पंचायत भवन परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नालसा की विभिन्न योजनाओं के तहत ग्रामीणों को कानून और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।

इस कार्यक्रम में नालसा की नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015, नालसा आशा योजना 2025, बाल विवाह मुक्त भारत कार्यक्रम, सुप्रीम कोर्ट मिडिल इनकम ग्रुप लीगल एड स्कीम, वीर परिवार सहायता योजना और मेडिएशन फॉर नेशन 2.0 जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार गोपालगंज के पैनल अधिवक्ता संजीव और पीएलवी आबिद हुसैन की टीम ने कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और यह समाज में कई प्रकार की समस्याओं को जन्म देता है। साथ ही बिहार उत्पाद अधिनियम, ड्रग तस्करी और ड्रग दुरुपयोग से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान टीम ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया। ग्रामीणों को बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकना समाज के हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1098 और 15100 पर सूचना दें ताकि प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा सके।

इसके अलावा टीम के सदस्यों ने मुफ्त विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क अधिवक्ता सुविधा के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान पीएलवी आबिद हुसैन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित हैंडबिल भी ग्रामीणों के बीच वितरित किए।

इस अवसर पर बनकटिया पंचायत के मुखिया, सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Related articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts