spot_img
Sunday, March 29, 2026
spot_img
Homeगोपालगंजगोपालगंज: अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का खुलासा, 16 सिलेंडर जब्त

गोपालगंज: अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का खुलासा, 16 सिलेंडर जब्त

-

गोपालगंज। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत पैदा करने के खेल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकंजा कस दिया है। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में की गई छापेमारी में एक वेंडर के घर से अवैध रूप से जमा किए गए 16 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और जमाखोरी में लगे लोगों के बीच डर का माहौल देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आपूर्ति विभाग के एमओ राजीव रंजन कुमार और मांझागढ़ थानाध्यक्ष निरंजन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीरामपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार साह द्वारा बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वेंडर के घर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के अलग-अलग कमरों और छिपाकर रखे गए स्थानों से कुल 16 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद वेंडर इन सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे अवैध कारोबार की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी सिलेंडरों को जब्त कर थाने ले जाया गया।

सूत्रों की मानें तो आशंका है कि आने वाले दिनों में गैस की किल्लत दिखाकर इन सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बनाई जा रही थी। इस कार्रवाई ने संभावित कालाबाजारी के बड़े नेटवर्क की ओर भी इशारा किया है।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण एक गंभीर आर्थिक अपराध है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

फिलहाल पुलिस ने जब्त सिलेंडरों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध भंडारण के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

Related articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts