गोपालगंज। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां पंखा चोरी के आरोप में एक युवक पर बेरहमी से हमला कर दिया गया। नगर थाना क्षेत्र के तिरविरवा नहर के समीप सोमवार को कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर उस पर हथौड़ी से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस दौरान अपने बेटे को बचाने आई मां भी झड़प में घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के सहदुल्लेपुर गांव निवासी अशोक कुमार का पुत्र भुटान कुमार अपनी मां पूर्णिमा देवी के साथ पैदल शहर की ओर आ रहा था। तभी तिरविरवा नहर के पास कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और पंखा चोरी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपितों ने युवक के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, वहीं पीड़ित का बयान भी दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर भीड़तंत्र और कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

