गोपालगंज। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के समीप एनएच-27 पर रविवार देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक साइकिल सवार कामगार की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान दानापुर गांव निवासी सुरेश महतो के 20 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सोमवार सुबह चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार, अजीत कुमार रविवार को मजदूरी के लिए घर से निकला था। काम खत्म करने के बाद वह साइकिल से स्थानीय बाजार गया और सामान खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान दानापुर गांव के पास एनएच-27 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि अजीत वाहन में फंस गया और कुछ दूरी तक घसीटता चला गया।
घटना को देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल अजीत को सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अजीत हरियाणा में एक प्लाईवुड कंपनी में मजदूरी करता था और करीब तीन महीने पहले ही घर आया था। वह दो भाइयों में छोटा था और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

