गोपालगंज। जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तुरकाहां पुल के समीप जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय बाइक चोरी गिरोह पर भी पुलिस की नजर और तेज हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना के दारोगा अपनी टीम के साथ तुरकाहां पुल के पास नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक अपाची बाइक पर सवार दो युवक वहां से गुजर रहे थे। पुलिस को संदेह होने पर उन्हें रोककर बाइक के कागजात की जांच की गई।
जांच के दौरान बाइक के कागजात और इंजन नंबर में अंतर पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान हजियापुर वार्ड संख्या 28 निवासी मंटू कुमार यादव और राजेश कुमार यादव के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उन्होंने यह अपाची बाइक किसी अन्य युवक से खरीदी थी।
पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं बाइक बेचने वाले तीसरे आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

