गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मामला मांझागढ़ थाना क्षेत्र के शेख टोली गांव का है, जहां भूमि विवाद को लेकर रविवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी की गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किए, वहीं संतोष कुमार गुप्ता के घर से एक पिस्टल और तीन जिंदा गोली भी बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फायरिंग में शामिल आरोपितों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पहले पक्ष के सोनू कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी निजी जमीन पर लगी सरसों की फसल को संतोष कुमार गुप्ता, केदार प्रसाद, चिंताहरण प्रसाद, पारस प्रसाद, अभिषेक कुमार समेत अन्य लोगों ने जबरन जोत दिया। विरोध करने पर सभी ने मारपीट की और संतोष कुमार गुप्ता ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की।
वहीं दूसरे पक्ष से संतोष साह की पत्नी पूनम देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति अपनी जमीन पर बुआई कर रहे थे, तभी रंजन सिंह समेत कई लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान चिंताहरण प्रसाद को रॉड से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और फायरिंग भी की गई।
दोनों पक्षों की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपितों—संतोष कुमार गुप्ता, चिंताहरण प्रसाद, पारस प्रसाद, सोमनाथ बारी तथा दूसरे पक्ष से विकास कुमार और संदीप कुमार—को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद सोमवार को जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

