देवरिया में भाजपा महिला मोर्चा की नेता और व्यापार मंडल की अध्यक्ष मधु जायसवाल ने एक वीडियो जारी कर शहर के कुछ लोगों पर मकान कब्जाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। वीडियो में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाती नजर आ रही हैं।
मधु जायसवाल का कहना है कि मालवीय रोड स्थित उनका पुस्तैनी मकान और दुकान है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 10 दिन पहले कुछ लोग उनके घर पहुंचे और मकान खाली करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर धमकी देने, मोबाइल छीनने, मारपीट करने और दुपट्टा खींचने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला के अनुसार, उनके मंद बुद्धि भाई को झांसे में लेकर एक व्यक्ति ने जमीन की रजिस्ट्री करा ली, जबकि उसे कोई पैसा नहीं मिला। इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन लिखाने वाले लोगों द्वारा अब मकान खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
वहीं, मामले में नामजद प्रेम कुशवाहा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने जमीन प्रदीप वर्मा से विधिवत खरीदी है और महिला के पास कोई वैध कागजात नहीं हैं।
प्रभारी निरीक्षक राकेश राय ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

