गोपालगंज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजना क्षेत्र के मास्टर प्लान को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के नियोजित विकास के लिए तैयार हो रहे मास्टर प्लान की वर्तमान स्थिति, विभिन्न चरणों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गोपालगंज शहर के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार किया जा रहा मास्टर प्लान हर हाल में जुलाई 2026 तक पूरा किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने डेटा कलेक्शन के कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों से जुड़ी सभी जरूरी रिपोर्ट जल्द से जल्द तैयार कर तकनीकी एजेंसी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि योजना निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
साथ ही, सर्वे कार्य को प्राथमिकता देते हुए एजेंसी के प्रतिनिधियों को तेजी लाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि शहर को आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे भविष्य में यातायात, जल निकासी और आवासीय सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में विभागीय समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए शहर के नए स्वरूप का खाका समय पर तैयार करें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सदर एसडीओ, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

