गोपालगंज प्रखंड के बसडीला खास पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शिक्षण-अधिगम सामग्री वितरण एवं हितभागी परिचर्चा का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने तीन महत्वपूर्ण पुस्तिकाओं का भी लोकार्पण किया, जिसमें प्रशिक्षण मार्गदर्शिका, पंचायत प्रतिनिधियों के लिए मॉड्यूल और ‘आओ सीखे खेल-खेल में’ शामिल हैं।
कार्यक्रम पीसीआई इंडिया और एलएंडटी की ‘नई दिशा’ परियोजना के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। डीएम ने कहा कि बचपन में सही पोषण और सीखने के अवसर मिलने से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सकती है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षण सामग्री के उपयोग को बढ़ाने और बच्चों के लिए सकारात्मक व स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सीडीपीओ संगीता कुमारी ने सेविकाओं को निर्देश दिया कि वे बच्चों को नियमित रूप से शिक्षण सामग्री से जोड़ें, ताकि उनकी सीखने की क्षमता विकसित हो सके। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी परियोजना की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान बच्चों ने डीएम का स्वागत गुलाब के फूल भेंट कर किया, जिससे माहौल भावुक हो गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया और सामग्री का अवलोकन किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

