बघौचघाट के विकास खंड पथरदेवा क्षेत्र के मलसी खास और हारफोड़ा गांव में सोमवार रात माह-ए-रमजान की 27वीं शब-ए-कद्र बड़े ही अकीदत के साथ मनाई गई। इस पवित्र अवसर पर गांव की मस्जिदों में कुरआन शरीफ का मुकम्मल पाठ यानी खत्म-ए-कुरआन कराया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में नमाजी और रोजेदार मस्जिद में जुटे और पूरी श्रद्धा के साथ नमाज अदा कर अल्लाह से अमन, भाईचारा और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने मस्जिद के इमाम साहब से मुलाकात कर उन्हें मुबारकबाद भी दी।
कार्यक्रम में मौजूद मोहम्मद फतेह ने बताया कि शब-ए-कद्र इस्लाम में बेहद खास रात मानी जाती है, जिसमें की गई इबादत हजार महीनों से बेहतर बताई गई है। यही वजह है कि इस रात लोग पूरी निष्ठा के साथ इबादत में लीन रहते हैं।
इस अवसर पर गांव के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर देश में शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ की।

