बरहज क्षेत्र के नवापार गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकब काटकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नवापार निवासी अनिल गुप्त अपने परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर के कमरे में सो गए थे। देर रात चोर घर के पीछे की दीवार में नकब काटकर अंदर घुस गए और आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर की दीवार कटी हुई और सामान बिखरा पड़ा मिला। यह देख परिवार के लोग घबरा गए और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
पीड़ित अनिल गुप्त के अनुसार, चोर घर से करीब 55 हजार रुपये नगद, सोने की चेन, कान के झुमके, टॉप्स और चांदी की पायल समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची थी और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।

