देवरिया जनपद के भलुअनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपहरण के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पहले ही पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था, जिसके बाद अब मुख्य अभियुक्त को भी दबोच लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना भलुअनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोनाड़ी मोड़ के पास से आरोपी सचिन यादव को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि आरोपी उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर 1 फरवरी को भगा ले गया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 7 मार्च 2026 को पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

