गंडक नदी के बढ़ते कटाव और तबाही को रोकने के लिए कुचायकोट प्रखंड के पटेलनगर और फुलवारियां में तटबंध सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज़ी से शुरू कर दिया गया है। अहिरौली दान सलेहपुर जीरो पॉइंट से बिसुनपुर तटबंध तक करीब 8.50 किलोमीटर जर्जर बांध पर कटाव निरोधक कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पटेलनगर और फुलवारियां में करीब 800 मीटर क्षेत्र में पस्ता (तटबंध सुरक्षा कार्य) का निर्माण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इस कार्य की निगरानी कार्यपालक अभियंता पवन कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता शमशेर आलम, कनीय अभियंता राकेश कुमार झा और गोविंद कुमार द्वारा की जा रही है। निर्माण कार्य में मुंशी शैलेश कुमार, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में मजदूर लगे हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य के पूरा होने से बांध मजबूत होगा, जिससे गंडक नदी के कटाव और रिसाव की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इससे भविष्य में होने वाली तबाही को भी रोका जा सकेगा।
गौरतलब है कि गंडक नदी की धारा अक्सर बदलती रहती है, जिसके कारण पहले भसई, नवगांव, फुलवरिया कला, मटिहनिया, विशंभरपुर और भगवानपुर जैसे कई गांवों में भारी तबाही हो चुकी है। कटाव के चलते आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल, मंदिर और पंचायत भवन तक नदी में समा चुके हैं, जिससे दियारा क्षेत्र के लोगों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है।

