रामपुर कारखाना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा में पिछले दो महीनों से एक्स-रे सेवा पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, एक्स-रे प्लेट उपलब्ध न होने के कारण यह सेवा ठप हो गई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
30 बेड वाले इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यह अस्पताल करीब 45 से अधिक गांवों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, लेकिन एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। खासकर सड़क दुर्घटना, मजदूरों को लगने वाली चोटें, और हड्डी से जुड़ी समस्याओं में एक्स-रे जांच बेहद जरूरी होती है।
मरीजों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां एक एक्स-रे कराने में 300 से 400 रुपये तक खर्च हो रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह खर्च बड़ा बोझ बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द एक्स-रे सेवा बहाल करने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके

