देवरिया जनपद के खुखुंदू गांव में जल निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जैन मंदिर मार्ग से जुड़े महत्वपूर्ण बाइपास सड़क पर पोखरा टोला के पास पाइप लाइन में दोबारा लीकेज होने से सड़क पर पानी भर गया है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि आसपास के लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले भी यहां पाइप लीकेज की समस्या हुई थी, जिसे शिकायत के बाद जल निगम द्वारा ठीक कराया गया था। लेकिन मरम्मत के कुछ ही समय बाद फिर से पाइप फट गया और स्थिति पहले जैसी ही हो गई। जलापूर्ति शुरू होते ही सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है।
यह बाइपास सड़क खुखुंदू जैन मंदिर मार्ग को नूनखार मार्ग से जोड़ती है, जिससे यह रास्ता काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पहले से ही सड़क गड्ढों में तब्दील है, और अब जलभराव ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।
गांव के जय प्रकाश, कमलेश राय, अरविंद कुमार समेत अन्य लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पाइप लाइन की मरम्मत नहीं हुई, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

