गोपालगंज। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर 80 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। घायल चालक का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव निवासी 25 वर्षीय मनु कुमार ट्रक चलाते हैं। वह कोईलवर से बालू लोड कर कुचायकोट क्षेत्र के भठवा गांव के पास माल गिराकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया।
इसके बाद बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके पास रखे करीब 80 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। घायल चालक किसी तरह पास के पेट्रोल पंप तक पहुंचा और परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बरौली सीएचसी ले गए, जहां से गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

