देवरिया जिले में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना महुआडीह पुलिस ने दूरसंचार और आईटी एक्ट से जुड़े एक आरोपी की अवैध संपत्ति कुर्क कर दी है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई, जिसमें करीब 31 लाख 31 हजार 680 रुपये की अचल संपत्ति को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, 3 दिसंबर 2025 को साइबर क्राइम, एसओजी, कोतवाली पुलिस और बीएसएनएल की संयुक्त टीम ने रामगुलाम टोला से तेज नारायण सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोपी पर अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में बदलकर फर्जी तरीके से आर्थिक लाभ कमाने का आरोप है। मौके से सिम बॉक्स, सिम कार्ड, एंटीना, लैपटॉप और राउटर जैसे उपकरण भी बरामद किए गए थे।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, दूरसंचार अधिनियम और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने इस अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित की थी।
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर उक्त संपत्ति को कुर्क किया। कुर्क की गई संपत्ति रामगुलाम टोला क्षेत्र में स्थित है।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

