देवरिया के महर्षि देवरहवा मेडिकल कॉलेज में रविवार शाम करीब 5 बजे सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण की शुरुआत सर्जिकल वार्ड से हुई, जहां एक एमपीडब्ल्यू बिना यूनिफॉर्म के ड्यूटी करते हुए मिला। इस पर सीएमएस ने नाराजगी जताते हुए कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की उपस्थिति जांची, जिसमें जूनियर रेजिडेंट डॉ. नितिन यादव अनुपस्थित पाए गए। इस पर तत्काल नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
सीएमएस ने पुरुष और महिला सर्जिकल व मेडिकल वार्ड, ऑर्थोपेडिक्स सहित कई विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण में कुछ अन्य डॉक्टर भी अनुपस्थित मिले और कई कर्मचारी बिना यूनिफॉर्म के काम करते पाए गए।
डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज देना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी स्टाफ को यूनिफॉर्म और आई-कार्ड अनिवार्य रूप से पहनने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रशासन में सतर्कता बढ़ गई है और कर्मचारियों को नियमों के पालन के निर्देश दिए गए हैं।

