गोपालगंज जिले के थावे में श्रद्धालुओं से मारपीट के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। डीएम पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर रहशू मंदिर परिसर में अवैध रूप से संचालित सात दुकानों को हटवा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में प्रशासन की सक्रियता और सख्ती साफ नजर आई।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में प्रसाद खरीदने को लेकर श्रद्धालुओं और दुकानदारों के बीच विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बीडीओ अजय प्रकाश राय और टीओपी प्रभारी धीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकानों को हटवाया।
हटाई गई दुकानों में मोहित साह, राघव साह की दो-दो दुकानें, लक्ष्मण साह, अमित साह की दो दुकानें और सोनू मांझी की दुकान शामिल हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अव्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साथ ही, घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थावे थानाध्यक्ष विभा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि मंदिर परिसर में शांति और व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

