गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर परिसर में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से जबरन प्रसाद खरीदने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर दुकानदारों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस घटना में महिला समेत कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक डॉक्टर भी शामिल हैं।
घटना के बाद घायलों को तत्काल थावे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल श्रद्धालु डॉ. नीतीश कुमार और बृजेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि वे सीवान जिले के महाराजगंज से पूजा करने आए थे। मंदिर परिसर में दुकानदार जबरन प्रसाद दे रहे थे, मना करने पर विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीएम और एसडीपीओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने अब तक आठ आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्णय लिया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

