गोपालगंज जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को विभिन्न थाना परिसरों में गुंडा परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व में जेल जा चुके और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहे आरोपितों को थानों में बुलाकर उनकी गतिविधियों की समीक्षा की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर एक साथ कई थानों—माधोपुर, उचकागांव, कुचायकोट, गोपालपुर सहित अन्य क्षेत्रों में की गई। परेड के दौरान थानाध्यक्षों ने आरोपितों से आमने-सामने बातचीत कर उनकी वर्तमान स्थिति, व्यवहार और गतिविधियों की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों ने सभी आरोपितों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें नियमित रूप से थाना में हाजिरी देने और संदिग्ध गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस का कहना है कि गुंडा परेड का उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर बनाए रखना और जिले में शांति व्यवस्था कायम रखना है। जिन लोगों का आपराधिक इतिहास रहा है, उन पर विशेष निगरानी रखने के लिए यह एक प्रभावी तरीका माना जाता है।
स्थानीय पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके और आम जनता में सुरक्षा का माहौल बना रहे।

