देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब महिला अपने बेटे के साथ बाइक से बाजार जा रही थी और एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, खैरा बलुआ गांव निवासी 45 वर्षीय रीता देवी, पत्नी रणजीत प्रसाद, अपने बेटे हितेश के साथ बाइक से बाजार जा रही थीं। दोपहर करीब 12 बजे गौरीबाजार चौराहे से कुछ दूरी पर रुद्रपुर रोड स्थित करण मोबाइल के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिवार में बेटा हितेश और बेटी सरस्वती हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौरीबाजार थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रेलर की पहचान की जा रही है और चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है

