गोपालगंज जिले में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और गैस की किल्लत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को जिला मुख्यालय के मौनिया चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और थाली-चम्मच बजाकर विरोध जताया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से मार्च निकालते हुए मौनिया चौक तक रैली की। यहां पहुंचकर उन्होंने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन ‘सोती हुई सरकार’ को जगाने के प्रतीक के रूप में किया गया है। खाली थालियां बजाकर उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि महंगाई के कारण आम लोगों के घरों में खाने तक की समस्या उत्पन्न हो रही है।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और गरीब परिवारों के सामने चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द गैस की कीमतों में कमी लाए और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके

